International

भारत-अमेरिका के बीच 10 साल की ऐतिहासिक रक्षा समझौता, राजनाथ सिंह बोले— रक्षा सहयोग के नए युग की शुरुआत

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को मलेशिया के कुआलालंपुर में मुलाकात की, जहां दोनों देशों के बीच भारत-अमेरिका प्रमुख रक्षा साझेदारी (India-US Defence Partnership) की रूपरेखा पर एक 10 वर्षीय ऐतिहासिक समझौता हुआ।
  • इस अवसर पर दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के संकल्प के साथ रक्षा ढांचा समझौते (Defence Framework Agreement) का आदान-प्रदान किया। यह समझौता आने वाले दशक में भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक, तकनीकी और सैन्य सहयोग को नई दिशा देगा।
  • अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी देते हुए कहा कि यह समझौता भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाएगा। उन्होंने इसे “क्षेत्रीय स्थिरता और सामूहिक प्रतिरोध की आधारशिला” (Cornerstone of Regional Stability and Deterrence) बताया।
  • अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने घोषणा करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका अब अपने रक्षा समन्वय, सूचना साझा करने और तकनीकी सहयोग को पहले से कहीं अधिक मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध अपने सर्वश्रेष्ठ दौर में हैं और आने वाले वर्षों में यह साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी।

राजनाथ सिंह ने क्या कहा?

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत-अमेरिका के बीच 10 वर्षीय रक्षा समझौते की पुष्टि करते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के नए युग की शुरुआत है। उन्होंने अपने अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ के साथ मुलाकात को “सार्थक और दूरदर्शी” बताया।
  • राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर लिखा — “कुआलालंपुर में अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के साथ एक फलदायी बैठक हुई। हमने 10 वर्षीय ‘भारत-अमेरिका प्रमुख रक्षा साझेदारी की रूपरेखा’ पर हस्ताक्षर किए, जो हमारी पहले से ही मजबूत साझेदारी को और सशक्त बनाएगी।”
  • उन्होंने आगे कहा कि यह समझौता भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को नीतिगत दिशा और रणनीतिक गहराई प्रदान करेगा। यह हमारे बढ़ते सामरिक अभिसरण (strategic convergence) का प्रतीक है और साझेदारी के एक नए दशक की शुरुआत करेगा। राजनाथ सिंह ने यह भी जोर दिया कि रक्षा क्षेत्र हमारे द्विपक्षीय संबंधों का मजबूत स्तंभ बना रहेगा और एक मुक्त, खुला और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र (Indo-Pacific) सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
  • बताया गया कि राजनाथ सिंह और पीट हेगसेथ की यह मुलाकात मलेशिया के कुआलालंपुर में हुई, जहां वे आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक (ASEAN-India Defence Ministers’ Informal Meeting) में शामिल हुए। यह बैठक 1 नवंबर को होने वाली आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक प्लस (ADMM-Plus) से पहले आयोजित की गई थी।
  • अपनी यात्रा से पूर्व राजनाथ सिंह ने कहा था कि कुआलालंपुर में होने वाली ये बैठकें भारत और आसियान देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने तथा ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी (Act East Policy)’ को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *