पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों से साइबर ठगी चलाने वाला ठग गिरफ्तार, STF ने रुड़की में आरोपी को किया गिरफ़्तार
- उत्तराखंड एसटीएफ ने पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को रुड़की से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी लक्सर, हरिद्वार निवासी सौरभ राठौर है, जो लंबे समय से ऑनलाइन धोखाधड़ी में शामिल था।
- एसटीएफ के अनुसार, सौरभ ने पश्चिम बंगाल की एक युवती से मोबाइल पर दोस्ती की थी। युवती ने लालच देकर उसे साइबर फ्रॉड में शामिल किया और अपने नाम से कई सिम कार्ड मंगवाए। इन्हीं सिमकार्ड का प्रयोग कर आरोपी फर्जी कॉल, ऑनलाइन लोन, शेयर मार्केट में निवेश का लालच और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर लोगों से पैसा ऐंठ रहा था।
- जांच में सामने आया कि ठगी की रकम लक्सर इलाके के कई बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही थी। इन खातों के खिलाफ हरियाणा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा और यूपी में कुल 25 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है।
- एसटीएफ टीम ने तकनीकी जांच के बाद सोमवार को सौरभ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बंगाल की युवती ने उसे पाकिस्तान और सऊदी अरब के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए थे, जिनसे वह लोगों को ठगने का काम करता था। युवती ने उसे देशभर में जमा ठगी की रकम अपने खाते में मंगवाने का लालच भी दिया था।
- एसटीएफ इस मामले में युवती सहित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
