Uttarakhand

हरिद्वार में अमित शाह का जोरदार स्वागत, जनसभा में उमड़ी हजारों की भीड़

  • केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंचे, जहां जनसभा स्थल पर भारी भीड़ देखने को मिली। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पाकिस्तानी हिंदुओं को नागरिकता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
  • जनसभा स्थल पर सुबह से ही लोगों की बड़ी संख्या जुटनी शुरू हो गई थी। हरिद्वार के एंट्री प्वॉइंट्स पर भी समर्थकों की भीड़ दिखाई दी। सभा स्थल पर समर्थक जोरदार नारेबाजी करते नजर आए और कई लोग अमित शाह की एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखे।
  • रैली को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों से लोग लगातार बसों और अन्य वाहनों के जरिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इससे जनसभा स्थल और आसपास के इलाकों में भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।

देहरादून एयरपोर्ट से हरिद्वार पहुंचे अमित शाह

  • केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत पहले देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह हरिद्वार के लिए रवाना हुए, जहां बैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
  • इस दौरान वे 1100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम के बाद राज्य सरकार के चार वर्षों के विकास कार्यों को दर्शाती राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जाएगा।
  • इसके अलावा अमित शाह भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लेंगे, जिसमें सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, हरिद्वार में संतों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है।
  • राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस नेता राजेंद्र चौधरी को नजरबंद किया गया

  • उधर रुड़की में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और उनके कुछ समर्थकों को पुलिस ने घर के अंदर ही नजरबंद कर दिया। बताया जा रहा है कि वे हरिद्वार में अमित शाह की रैली के दौरान काले झंडे दिखाने के लिए रवाना होने वाले थे।
  • सिविल लाइन कोतवाली पुलिस के अनुसार, एहतियात के तौर पर उन्हें देर शाम तक नजरबंद रखा जाएगा। इस कार्रवाई पर कांग्रेस नेता राजेंद्र चौधरी ने पुलिस के कदम का विरोध भी जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *