Uttarakhand Weather Update: देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में बारिश का यलो अलर्ट, पहाड़ों में बिजली गिरने का खतरा
- उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। हालांकि, बीते दिनों की तुलना में फिलहाल भारी बारिश की स्थिति में कुछ राहत दिखाई दे रही है।
- मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। मौसम को देखते हुए देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
- मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
- आने वाले दिनों में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बुधवार से पहाड़ी जिलों में मौसम एक बार फिर करवट लेने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
- फिलहाल राज्य के पहाड़ी इलाकों में मानसून की गतिविधि अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय बनी हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बौछारों के साथ बारिश हो रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता तुलनात्मक रूप से कम बनी हुई है।
- मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में मानसून कुछ कमजोर पड़ सकता है, जबकि पहाड़ों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेते रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की जरूरत है।
