Crime

घर के क्लेश का खौफनाक अंत: चीखती हुई बाहर भागी पत्नी, पति ने पाठल से काटा गला

  • जौनसार-बावर क्षेत्र के कालसी तहसील अंतर्गत कचटा गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार (पाठल) से ताबड़तोड़ वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कमरे में शुरू हुआ विवाद, बरामदे में हुई हत्या

  • गांव निवासी मनोज का उसकी पत्नी नीलम (24) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बात बढ़ने पर नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर बरामदे की ओर भागी। इसी दौरान मनोज ने आपा खो दिया और बरामदे में रखे पाठल से नीलम की गर्दन पर प्राणघातक हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

15 वर्षीय किशोरी बनी चश्मदीद

  • चीख-पुकार सुनकर घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी पायल मौके पर पहुंची। उसने नीलम को लहूलुहान हालत में देखा, जबकि आरोपी मनोज वारदात के बाद फरार हो चुका था। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन एकत्र हुए।

आरोपी की तलाश में जुटी राजस्व पुलिस

  • घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कालसी रवींद्र असवाल और नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पाठल बरामद कर लिया है। चश्मदीद किशोरी और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

चार साल पहले हुई थी शादी

  • बताया जा रहा है कि नीलम और मनोज का विवाह लगभग चार वर्ष पूर्व हुआ था। मनोज गांव में ही रहकर खेती-बाड़ी का काम करता है। इस नृशंस हत्याकांड के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। राजस्व पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *