लाडपुर में भक्ति का सागर: ढोल-दमाऊं के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, उमड़ा जनसैलाब
- देहरादून: रायपुर रोड स्थित लाडपुर क्षेत्र में रविवार को श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

- कलश यात्रा रायपुर काली मंदिर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर भाग लिया, जिससे पूरे वातावरण में धार्मिक आस्था और संस्कृति की झलक देखने को मिली। ढोल-दमाऊं की थाप और भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे।

- कथा पंडाल में पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई तथा लड्डू गोपाल का अभिषेक किया गया। इस अवसर पर कथा वाचक आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को सच्चे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है और जीवन में विनम्रता का भाव पैदा करती है। उन्होंने कहा कि जैसे फल से लदा वृक्ष झुक जाता है, उसी प्रकार महान व्यक्ति भी सदैव विनम्र रहता है।

- उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा को मन लगाकर सुनने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे व्यक्ति के सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम में संतोष कुमार, मानसी नौटियाल, कमला नौटियाल, सिद्धार्थ, योगेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
