Uttarakhand

बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा: कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब खुलेंगे विकास के द्वार

  • बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में देहरादून में हुई कैबिनेट बैठक में बिंदुखत्ता समेत वन भूमि पर बसे क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई।
  • अब इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। केंद्र की मंजूरी और जरूरी कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद राजस्व गांव बनने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। करीब 3,470 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले बिंदुखत्ता की 32 बस्तियों में लगभग 70 हजार लोग रहते हैं। करीब 12 हजार परिवार वर्षों से यहां बसे हैं, लेकिन राजस्व गांव की पहचान न होने से उन्हें भूमि स्वामित्व, राजस्व रिकॉर्ड और कई प्रशासनिक कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हालांकि इलाके में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल और बाजार जैसी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हैं, फिर भी जमीन के अधिकार का मसला लंबे समय से अटका रहा।

पहले खारिज हो चुका है प्रस्ताव, कई घोषणाएं भी हुईं

  • राज्य गठन के बाद बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए 2004 में तत्कालीन मुख्य सचिव डॉ. आरएस टोलिया ने केंद्र को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद 2007-08 में वन विभाग ने बस्तियों के नियमितीकरण का प्रस्ताव भेजा, जिसे 2014 में केंद्र सरकार ने खारिज कर दिया था।
  • समय-समय पर अलग-अलग सरकारों ने भी घोषणाएं कीं—तत्कालीन मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी ने 2009 में, रमेश पोखरियाल निशंक ने 2011 में और हरीश रावत ने 2015 में राजस्व गांव बनाने की घोषणा की थी। हरीश रावत सरकार के समय बिंदुखत्ता को नगर पालिका बनाने का फैसला भी हुआ, लेकिन स्थानीय विरोध के चलते उसे वापस लेना पड़ा।
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 20 फरवरी 2024 को भी इसे राजस्व गांव बनाने की घोषणा की थी। वन अधिकार अधिनियम के तहत 11,703 परिवारों का सामूहिक दावा 19 जून 2024 को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति से स्वीकृत होकर शासन को भेजा गया था, हालांकि बाद में इसे दोबारा परीक्षण के लिए लौटा दिया गया।

लंबे संघर्ष के बाद कैबिनेट तक पहुंचा मुद्दा

  • बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए कांग्रेस, भाकपा माले और वन अधिकार संगठन सहित विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने लंबा संघर्ष किया। शहीद स्मारक पर धरने के साथ देहरादून, हल्द्वानी, लालकुआं और बिंदुखत्ता में प्रदर्शन व रैलियां आयोजित की गईं। हाल ही में 23 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता में वन अधिकार संगठन व पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से संवाद कर विषय को कैबिनेट में लाने का भरोसा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *