उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी पहल: सेना भर्ती रैलियां बढ़ाने की मांग, सतपाल महाराज ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात
- नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के रोजगार और सशस्त्र बलों में भर्ती के अवसरों को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में अधिक से अधिक सेना भर्ती रैलियों के आयोजन का अनुरोध किया।
- मुलाकात के दौरान सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड लंबे समय से देश को बड़ी संख्या में सैनिक देने वाला राज्य रहा है। यहां के युवाओं में देश सेवा का जज्बा, अनुशासन और बेहतर शारीरिक क्षमता देखने को मिलती है। उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकांश परिवारों का सेना से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष जुड़ाव रहा है।
- महाराज ने रक्षा मंत्री को सुझाव दिया कि प्रदेश के युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए थल सेना, भारतीय नौसेना, वायु सेना और कोस्ट गार्ड भर्ती से संबंधित रैलियों और चयन प्रक्रियाओं का विस्तार किया जाए। इससे युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिलेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
- उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड के युवा देश की सुरक्षा और सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में यदि भर्ती अभियानों की संख्या बढ़ाई जाती है तो बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ मिल सकता है।
- मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच युवा रोजगार, रक्षा क्षेत्र में अवसरों और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इस पहल से भविष्य में उत्तराखंड में सेना भर्ती रैलियों के आयोजन को लेकर सकारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
