इमरजेंसी सिग्नल से मची अफरा-तफरी: fly Dubai की फ्लाइट डायवर्ट, इजरायल बोला- ‘विमान हाईजैक नहीं हुआ’
- दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई (Fly Dubai) के एक यात्री विमान में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान अचानक आपातकालीन ‘हाईजैक सिग्नल’ प्रसारित हुआ। इस सूचना के बाद इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं और लड़ाकू विमानों को तैनात कर दिया गया। हालांकि, इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने जल्द ही स्पष्ट किया कि विमान अपहरण की खबर अफवाह थी और फ्लाइट सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर चुकी है।
जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में गूंजा आपातकालीन कोड
- विमान (जिसमें 150 से अधिक यात्री सवार थे) ने बुधवार सुबह 7:05 बजे दुबई से उड़ान भरी थी और इसे सुबह 9:30 बजे तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उतरना था। उड़ान के लगभग डेढ़ घंटे बाद, जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही विमान से ‘कोड 7700‘ (सामान्य आपातकाल) और इसके तुरंत बाद ‘कोड 7500′ प्रसारित हुआ—जो अंतरराष्ट्रीय विमानन नियमों में विमान अपहरण (Hijack) का संकेत माना जाता है।
- सिग्नल मिलते ही विमान ने यू-टर्न लिया, अपनी ऊंचाई घटाई और दक्षिण की ओर मुड़कर सऊदी अरब के वायुसेना क्षेत्र में प्रवेश कर गया। इस दौरान कुछ समय के लिए विमान फ्लाइट ट्रैकिंग ऐप से भी गायब हो गया था, जिससे तनाव और बढ़ गया।
इजरायल में बुलाई गई आपात बैठक
- हाईजैक के संकेत मिलते ही इजरायल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने तुरंत शीर्ष अधिकारियों के साथ आपातकालीन सुरक्षा समीक्षा बैठक बुलाई। सुरक्षा के लिहाज से इजरायली वायुसेना ने तुरंत अपने लड़ाकू विमानों को रवाना कर दिया था।
वजह: कॉकपिट में पायलटों का विवाद
- फ्लाईदुबई एयरलाइन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट के भीतर पायलटों के बीच आपसी कहासुनी और विवाद हो गया था। इसी दौरान गलती से या स्थिति के तहत मैनुअल लैंडिंग और यू-टर्न के समय इमरजेंसी सिग्नल बटन दब गया।
- सुरक्षा अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि विमान पर कोई बाहरी खतरा नहीं था। सऊदी अरब के तबुक (Tabuk) एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने राहत की सांस ली।
