Uttarakhand

चम्पावत को सीएम धामी का बड़ा तोहफा: विकास कार्यों के लिए 96 करोड़ जारी, आदर्श जिला बनाने का संकल्प!

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने चम्पावत दौरे के दौरान जनपदवासियों को लगभग 96 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का बड़ा तोहफा दिया है। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जिले के समग्र विकास के लिए 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28.75 करोड़ रुपये की 5 योजनाओं का शिलान्यास किया।

आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो रहा विकास

  • संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत को एक आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का मुख्य संकल्प है। इसके लिए आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ा ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है।

बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण में पहुंचे सीएम, की कई घोषणाएं

  • मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी। अधिवक्ताओं को न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए उन्होंने घोषणा की कि जनपद की सभी न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की भी घोषणा की गई।

हर ग्राम सभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये

  • क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। इस राशि से गांव में पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन जैसे जनहितकारी कार्य किए जा सकेंगे।

विभिन्न वर्गों से संवाद और देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण

  • दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने 1.37 करोड़ की लागत से बने ‘देवभूमि रजत जयंती पार्क’ का भी लोकार्पण किया और वहां खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं।
  • इस अवसर पर दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *