युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! पुलिस विभाग में जल्द भरे जाएंगे 1600 पद, सीएम धामी का ऐलान
- पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस विभाग को मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के वास्ते जल्द ही 1600 नए पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों और शहीद जवानों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपराध और नशे के खिलाफ सख्त रुख
- मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील है, ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज पुलिस की लड़ाई केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि नशे के जाल और डिजिटल अपराधों से भी है। नशा समाज की नींव को खोखला कर रहा है, इसलिए “राज्य में नशे के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं है।”
- बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है और उन्हें अपराधियों से हमेशा दो कदम आगे रहना होगा।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
-
1600 पदों पर भर्ती: पुलिस विभाग में रिक्त पड़े 1600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
-
जांच किट: पुलिस जांच को और बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराई जाएगी।
-
ट्रांजिट हॉस्पिटल: देहरादून में पुलिस ट्रांजिट हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा।
-
अस्पताल अपग्रेडेशन: देहरादून स्थित पुलिस अस्पताल को उच्चीकृत (अपग्रेड) किया जाएगा।
-
तनाव मुक्ति कार्यक्रम: लगातार बढ़ रहे कार्यभार और तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों के लिए विशेष तनाव मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चारधाम यात्रा में उत्कृष्ट प्रबंधन की सराहना
- मुख्यमंत्री ने इस वर्ष चारधाम, हेमकुंड साहिब और कैंची धाम में रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं का जिक्र करते हुए उत्तराखंड पुलिस की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराना आसान नहीं था, लेकिन पुलिस ने दिन-रात मेहनत कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संभाली, जिससे देश-भर में देवभूमि का मान बढ़ा है।
शहीद परिवारों का सम्मान
- कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि एक शहीद केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव होता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो शहीद पुलिसकर्मियों—निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक की पत्नी सुनीता और उपनिरीक्षक विनोद पंवार की पत्नी नीलम—को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
