Uttarakhand

युवाओं को रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड बनाना ही हमारा संकल्प: धामी

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
  • मंगलवार को देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, महत्वपूर्ण निर्णयों और विकास कार्यों का ब्योरा रखा।

35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां, लागू हुआ सख्त नकल विरोधी कानून

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले कुछ वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर ही रोजगार मिले।

समान नागरिक संहिता (UCC) ऐतिहासिक कदम

  • मुख्यमंत्री धामी ने गर्व के साथ कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है। यह निर्णय महिला सशक्तीकरण और समान अधिकारों की दिशा में एक मील का पत्थर है। इसके साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन से जुड़ी कई योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’, शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1064

  • भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन भ्रष्टाचार की शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज करा सकते हैं।

चारधाम यात्रा में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़, पहुंचे 59 लाख से अधिक श्रद्धालु

  • चारधाम यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जो उत्तराखंड के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाता है। सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर कर रही है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने के लिए अन्य धार्मिक व पर्यटन स्थलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *