श्री नानकमता साहिब पहुंचे सीएम धामी: गुरुद्वारे में टेका मत्था, झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब पहुंचकर गुरु चरणों में मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता
- गुरुद्वारा परिसर की साफ-सफाई करने के बाद पत्रकारों व जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन राज्य है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी दफ्तरों और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्वच्छता एक दिवस का नहीं, निरंतर चलने वाला जनअभियान: मुख्यमंत्री
- मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे समाज के हर वर्ग के सहयोग से एक निरंतर चलने वाले जनअभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने अपना पूरा जीवन देश और देशवासियों के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिवस (17 सितंबर) से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, उसी कड़ी में नानकमता साहिब में यह विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया है।
गुरुद्वारा कमेटी ने सरोपा व स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित
- इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब प्रबंधकीय कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को ‘सरोपा‘ (सम्मान सूचक वस्त्र) और स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
- इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, सचिव सरदार हरभजन सिंह के अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एसडीएम ऋचा सिंह सहित भारी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
