पहले तौल पर था शक, अब तकनीक पर भरोसा — अनाज एटीएम से हर नागरिक को सटीक राशन
सुबह की पहली किरण के साथ जब पहले राशन की दुकानों पर भीड़ उमड़ती थी — थके चेहरों, हाथों में थामे झोलों और इस डर के साथ कि “कहीं तौल फिर कम न निकल जाए” — अब वह दृश्य बीते दिनों की बात हो गया है। उत्तराखंड में शुरू हुए ‘अनाज एटीएम’ (Grain ATM) ने इस व्यवस्था में एक नई पारदर्शिता और विश्वास की शुरुआत की है।
अब उपभोक्ताओं को न तो लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है और न ही तौल पर शक करने की जरूरत होती है। मशीन की एक बीप के साथ तय मात्रा में अनाज सीधे कार्डधारक के थैले में पहुंच जाता है। इस आधुनिक व्यवस्था ने दशकों पुरानी राशन वितरण प्रणाली की कमियों को दूर कर दिया है और लोगों के मन में सरकारी वितरण प्रणाली के प्रति भरोसा फिर से कायम किया है।
फिलहाल, राज्य के विभिन्न जिलों में 21 अनाज एटीएम स्थापित किए जा चुके हैं, जो सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं।
कैसे बदली तस्वीर?
कुछ साल पहले तक प्रदेश में कम तौल और फर्जी वितरण जैसी शिकायतें आम थीं।
-
अल्मोड़ा के सोमेश्वर में वर्ष 2022 में स्थानीय लोगों ने घटतौली की शिकायत की थी।
-
पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र में ग्रामीणों ने पुराने कांटे से तौल किए जाने पर सवाल उठाए थे।
-
वहीं उधमसिंह नगर में फर्जी राशन कार्ड और वितरण गड़बड़ियों के आरोप सामने आए थे।
इन सभी समस्याओं का समाधान अब ‘अनाज एटीएम’ परियोजना लेकर आई है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुआ यह नवाचार अब सफलता की नई मिसाल बन चुका है।
डिजिटल सिस्टम से पारदर्शी वितरण
अनाज एटीएम में अत्याधुनिक डिजिटल वेटिंग और कार्ड स्कैनिंग सिस्टम लगा है, जिससे हर उपभोक्ता को सटीक मात्रा में अनाज मिलता है। इस तकनीक ने न केवल मानवीय त्रुटियों और भ्रष्टाचार को कम किया है, बल्कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में राशन वितरण की विश्वसनीयता को भी मजबूत किया है।
अनाज एटीएम के प्रमुख लाभ
1. पारदर्शिता और डिजिटल रिकॉर्ड
हर लेन-देन का पूरा डेटा अब डिजिटल रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रहता है। इससे राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों बढ़ी हैं।
2. घटतौली पर रोक
डिजिटल तौल प्रणाली के कारण कम तौल या राशन घटाने की संभावना समाप्त हो गई है। लाभार्थी को तय मात्रा में अनाज सटीक रूप से मिलता है।
3. भीड़ नियंत्रण और समय की बचत
‘अनाज एटीएम’ ने राशन कोटे की दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों को काफी हद तक कम किया है। लोग अपनी सुविधा के अनुसार समय चुनकर राशन ले सकते हैं।
4. उपभोक्ताओं के लिए सहूलियत
लाभार्थी अब बिना किसी मध्यस्थ के, केवल कार्ड स्कैन कर अपनी सुविधा अनुसार राशन प्राप्त कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया सरल और तेज़ हो गई है।
अनाज एटीएम से जुड़ी चुनौतियां
1. तकनीकी रखरखाव की समस्या
एटीएम मशीनों का नियमित सर्विसिंग और सॉफ्टवेयर अपडेट कई जगहों पर समय पर नहीं हो पा रहा, जिससे संचालन प्रभावित होता है।
2. डिजिटल साक्षरता की कमी
कुछ राशन डीलर या ऑपरेटर मशीन चलाने में कठिनाई महसूस करते हैं। उन्हें तकनीकी रूप से प्रशिक्षित सहायक कर्मियों की आवश्यकता होती है।
3. आधार और राशन कार्ड से जुड़ी त्रुटियां
कभी-कभी आधार लिंकिंग या कार्ड वैधता से संबंधित त्रुटियां उपभोक्ताओं के लिए असुविधा का कारण बनती हैं।
4. अतिरिक्त खर्च और आर्थिक बोझ
एटीएम मशीन संचालित करने वाले विक्रेताओं को हर महीने लगभग ₹800 रुपये तक बिजली बिल देना पड़ रहा है, जो अतिरिक्त बोझ बनता जा रहा है।
5. लाभांश भुगतान में देरी
कई स्थानों पर मशीन संचालित कर रहे विक्रेताओं को पिछले एक वर्ष से लाभांश भुगतान नहीं मिला, जिससे असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
