सड़कों पर कूड़ा फेंकना पड़ेगा भारी, अब उल्लंघन पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
- नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सड़कों के किनारे कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ अब केवल चेतावनी नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जो लोग कूड़ा वाहन में कचरा नहीं देंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तय है।
- पालिका प्रशासन की ओर से कान्हरवाला क्षेत्र से नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मंगलवार को जब पालिका की टीम नोटिस देने पहुंची तो कई लोगों ने मौके पर ही बकाया यूजर चार्ज जमा कर दिया। वहीं, संतोषजनक जवाब न देने वाले पांच परिवारों को औपचारिक नोटिस थमा दिए गए हैं।
- प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब किराएदारों को भी अलग-अलग यूजर चार्ज देना अनिवार्य होगा। निर्धारित शुल्क जमा न करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- दरअसल, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल की सख्ती के बाद नगर पालिका प्रशासन ने स्वच्छता को लेकर अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत के नेतृत्व में टीम ने ऐसे परिवारों को चिन्हित कर नोटिस दिए, जो कूड़ा वाहन की सुविधा के बावजूद सड़कों पर कचरा फेंक रहे थे।
- मुख्य सफाई निरीक्षक ने साफ कहा कि यदि कोई व्यक्ति मुख्य मार्गों या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी नागरिकों को यूजर चार्ज का भुगतान अनिवार्य रूप से करना होगा।
- इस अभियान के दौरान कर अधीक्षक रविंद्र सिंह पंवार, स्वच्छता वाहिनी की सदस्य आशा सेमवाल, सुपरवाइजर अंकित, संजय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पालिका प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि नगर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाया जा सके।
