देहरादून में World Cup Champion स्नेह राणा का जोरदार स्वागत, घर वापसी पर फैंस में उत्साह
- देहरादून एयरपोर्ट पर उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला जब भारत की महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता ऑलराउंडर स्नेह राणा अपने होम स्टेट उत्तराखंड लौटीं। देहरादून पहुंचते ही प्रशंसकों, स्थानीय लोगों और परिजनों ने ढोल-नगाड़ों की धुन के साथ उनका शानदार स्वागत किया। स्नेह राणा को उनके भाई कमल राणा, भाभी ऋचा राणा और बड़ी संख्या में उपस्थित फैंस ने घेर लिया और भारत की इस चैंपियन प्लेयर पर गर्व व्यक्त किया।

- राणा, जो मूल रूप से सनौला, देहरादून की रहने वाली हैं, ने कहा कि यह जीत टीम इंडिया की कड़ी मेहनत, संयम, और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से टीम के साथ मुलाकात का अनुभव बेहद प्रेरणादायक और मोटिवेटिंग रहा। राणा ने कहा कि आने वाले राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भी उनकी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से फिर से मिलने की सम्भावना है।
- राणा के परिवार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वर्ल्ड कप तैयारी के दौरान स्नेह को चोट भी लगी थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। मुश्किल फेज में धैर्य रखकर उन्होंने खुद को मजबूत बनाया और अंततः देहरादून और उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया।

- इसी बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्नेह राणा से फोन पर बात कर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। साथ ही सरकार ने राणा के लिए 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। सीएम धामी ने कहा कि स्नेह राणा ने अपने संकल्प, मेहनत और प्रतिभा से देवभूमि को वैश्विक पहचान दिलाई है और उनकी यह सफलता युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को उच्चतम सुविधाएँ और समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
- इस सम्मान और प्रोत्साहन पर प्रतिक्रिया देते हुए स्नेह राणा ने राज्य सरकार और लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी देश और उत्तराखंड की प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी।
