“देवभूमि में साजिश बर्दाश्त नहीं: सीएम धामी का सख्त संदेश—सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे पर होगी कड़ी कार्रवाई”
- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ शब्दों में कहा है कि देवभूमि में किसी भी तरह का सुनियोजित षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि लाल, हरा, पीला या नीला कपड़ा डालकर सरकारी जमीन पर कब्जा करना एक सोची-समझी साजिश है, जिसे उन्होंने “लैंड जिहाद” की संज्ञा दी।
- सीएम धामी ने बताया कि कानून और संविधान के दायरे में रहते हुए सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। पहले कब्जाधारियों को नोटिस दिए गए, कई लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाया और शेष पर कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्रवाई की गई। अब तक करीब 10 हजार एकड़ सरकारी भूमि मुक्त कराई जा चुकी है।
- उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति या समुदाय को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि केवल अवैध कब्जों के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि क्या कोई भी सरकारी जमीन पर कब्जे को सही ठहरा सकता है।
- मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि धार्मिक ढांचे की आड़ में अतिक्रमण, पहचान बदलकर बहन-बेटियों को बहलाना, और खाद्य सामग्री में थूकने जैसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने इसे विकृत मानसिकता बताते हुए कहा कि देवभूमि की संस्कृति, सुरक्षा और सामाजिक ताने-बाने से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वोट चोरी पर भी साधा निशाना
- सीएम धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट चोरी का आरोप लगाने वालों ने ही घुसपैठ और फर्जी वोटरों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर (Special Intensive Revision) के तहत वोटों की जांच पारदर्शी तरीके से हो रही है, तो इसमें आपत्ति क्यों?
- मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि अतिक्रमण, घुसपैठ और तुष्टीकरण के खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी और देवभूमि की पहचान व डेमोग्राफी की रक्षा हर हाल में की जाएगी।
