“उत्तराखंड में राशन कार्ड e-KYC प्रक्रिया जारी, जल्द तय होगी अंतिम तारीख”
- उत्तराखंड में राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत चल रही राशन कार्ड e-KYC प्रक्रिया 15 दिसंबर की तय समय-सीमा के बाद भी जारी रहेगी। राज्य सरकार जल्द ही नई अंतिम तिथि की घोषणा करेगी।
- खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 60 लाख 70 हजार राशन कार्ड यूनिट हैं, जिनमें से अब तक 48 लाख से अधिक यूनिटों की e-KYC पूरी हो चुकी है। हालांकि बड़ी संख्या में लाभार्थी अभी भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं, जिसको देखते हुए विभाग ने फिलहाल e-KYC बंद न करने का फैसला लिया है।
- खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अपर आयुक्त पी.एस. पांगती ने बताया कि सभी राशन कार्डधारकों के लिए आधार आधारित e-KYC अनिवार्य की गई है। इसके लिए पहले 15 दिसंबर को अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन कई उपभोक्ता तकनीकी या अन्य कारणों से समय पर e-KYC नहीं करा सके।
- उन्होंने बताया कि अंतिम दिन भारी भीड़ देखने को मिली। केवल 15 दिसंबर को ही 1 लाख 85 हजार 38 राशन कार्ड यूनिटों ने अपनी e-KYC पूरी कराई, जिससे विभाग को यह स्पष्ट संकेत मिला कि अभी भी बड़ी संख्या में लाभार्थी प्रक्रिया में शामिल होना चाहते हैं।
क्यों जरूरी है e-KYC
- e-KYC का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राशन का लाभ सही और पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और फर्जी या डुप्लीकेट कार्डों को प्रणाली से बाहर किया जा सके। सरकार का कहना है कि e-KYC पूरी न होने पर भविष्य में राशन वितरण में दिक्कत आ सकती है।
जल्द घोषित होगी नई तारीख
- विभाग ने स्पष्ट किया है कि e-KYC प्रक्रिया फिलहाल जारी रहेगी और जल्द ही नई अंतिम तिथि घोषित की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
