नवरात्र शुरू होते ही पूर्णागिरि धाम में भारी भीड़, 45 हजार भक्त पहुंचे, पैदल जा रहे श्रद्धालु
- चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर मां पूर्णागिरि धाम में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। पहले ही दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और अब तक 45 हजार से अधिक भक्त मां के दरबार में मत्था टेक चुके हैं। दूर-दराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं, वहीं कई परिवार अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी संपन्न कर रहे हैं।
- नवरात्र के पहले दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक दिन पहले से पहुंच गए थे। कई भक्तों ने रात में ही चढ़ाई शुरू कर सुबह दर्शन किए। वर्तमान में करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी हुई है और श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
- प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग, पेयजल और पथ प्रकाश (लाइटिंग) की व्यवस्था की गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
- भक्त बसों, निजी वाहनों, ट्रेनों और बाइकों के जरिए लगातार पूर्णागिरि धाम पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में और भी अधिक भीड़ की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखे गए हैं।
