CM धामी ने 276 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, 4.5 वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
- देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित 276 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
- नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का प्रमाण नहीं, बल्कि जनसेवा की नई जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे युवाओं की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य छिपा है। यह सफलता उनकी योग्यता, आत्मविश्वास और समर्पण का परिणाम है।
- उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और नकल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके चलते अब युवाओं को उनकी मेरिट और प्रतिभा के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।
- मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
- कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, नरेश बंसल, विधायक खजान दास तथा सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
