CM धामी ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी, सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर जताई नाराज़गी
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को राज्य स्थापना दिवस (9 नवंबर) को भव्य और प्रभावी रूप से मनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में आम जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि इस दिन को पूरे राज्य में उत्सव की तरह मनाया जा सके।
- सीएम धामी ने सड़कों की स्थिति को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
- इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नंदा राजजात मार्गों के रखरखाव और यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं के विकास की दिशा में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। बैठक में उन्होंने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव अभियानों में सभी विभागों और संस्थाओं के सहयोग व तत्परता की सराहना भी की।
- मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहरों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए सघन जांच अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश में निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों में गति लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
- सीएम धामी ने कहा कि जिन इलाकों से बार-बार सड़क से जुड़ी शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी की जाए और कार्यों की गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया जाए। उन्होंने गड्ढामुक्त सड़कों के लक्ष्य को लेकर साप्ताहिक समीक्षा बैठकें करने और 31 अक्टूबर तक सभी पैच वर्क पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्यों का स्थल निरीक्षण करने के भी आदेश दिए।
- बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
