Uttarakhand

रेलवे स्टेशन पर क्रिकेटर स्नेह राणा का भव्य स्वागत, सीनियर CCTC के पद पर तैनात स्टार ऑलराउंडर को मिला खास सम्मान

  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर स्नेह राणा का देहरादून में जोरदार स्वागत किया गया। शुक्रवार को देहरादून रेलवे स्टेशन पर रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच सम्मानित किया। हाल ही में 2 नवंबर को भारतीय महिला टीम द्वारा जीते गए वनडे क्रिकेट विश्व कप के बाद स्नेह पहली बार अपने गृह प्रदेश लौटी थीं, जिसके चलते स्टेशन पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रेलवे में सीनियर CCTC के रूप में तैनात हैं स्नेह राणा

  • कई लोग नहीं जानते कि बेहतरीन क्रिकेटर होने के साथ-साथ स्नेह राणा देहरादून रेलवे स्टेशन पर कमर्शियल कम टिकट क्लर्क (CCTC) के पद पर भी कार्यरत हैं। रेलवे अधिकारियों ने उन्हें भारतीय रेलवे का गौरव बताते हुए कहा कि स्नेह प्रोफेशनल क्रिकेट और नौकरी—दोनों को संतुलित कर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं। साथ ही वह रेलवे क्रिकेट टीम का भी हिस्सा हैं।

सिनोला गांव की बेटी का स्टेशन पर हुआ पारंपरिक स्वागत

  • देहरादून से लगे सिनोला गांव की रहने वाली स्नेह राणा जब स्टेशन पहुंचीं तो उनका स्वागत पारंपरिक अंदाज में ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया। रेल अधिकारियों ने विश्व कप के दौरान उनके शानदार प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि देश के लिए खेलते हुए स्नेह ने उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

क्रिकेट सफर की यादें साझा कीं स्नेह राणा ने

  • सम्मान समारोह के दौरान स्नेह ने अपने शुरुआती क्रिकेट सफर को याद करते हुए बताया कि जब वह पहली बार पंजाब की टीम से खेलने जा रही थीं, तब उन्होंने इसी देहरादून रेलवे स्टेशन से यात्रा की थी। उस यात्रा के दौरान एक टीटी ने पूरी राह उनका साथ देकर उनका हौसला बढ़ाया था, जो उनके लिए आज भी एक खास याद है।

अधिकारियों ने की तारीफ, बताया गर्व की बात

  • स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार ने कहा कि स्नेह राणा सिर्फ भारतीय महिला टीम ही नहीं, बल्कि प्रदेश, जिला और भारतीय रेलवे के लिए भी गर्व की प्रतीक हैं। सीटीआई सुहैल खान ने जानकारी दी कि स्नेह पहले फिरोजपुर मंडल में तैनात थीं और पिछले वर्ष उनका स्थानांतरण देहरादून हुआ।
  • सम्मान समारोह में सीएमआई एसके अग्रवाल, सीपीएस सुमित सक्सेना, सीआरएस आनंद सिंह, आरपीएफ प्रभारी पंकज यादव, जीआरपी एसआई प्रवीना सिदोला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *