देहरादून–मसूरी और विकासनगर में अवैध प्लॉटिंग पर शिकंजा, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
- मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने प्राधिकरण क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माण, गैरकानूनी प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे आवासीय–व्यावसायिक ढांचों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया।
- देहरादून, मसूरी, विकासनगर और शेरपुर क्षेत्रों में MDDA की टीमों ने कई अवैध निर्माणों को सील किया, जबकि अनेक स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
मसूरी कैंपटी फॉल रोड से शुरू हुई कार्रवाई
- पहली कार्रवाई कैंपटी फॉल–मसूरी रोड पर की गई, जहाँ खुशहाल सिंह द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर इस भवन को सील कर दिया।
हबर्टपुर में 20 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
- इसके बाद हबर्टपुर में लखन सिंह और जगवीर सिंह द्वारा विवेकानंद अस्पताल के पास लगभग 20 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग को MDDA टीम ने बुलडोज़र चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस इलाके में लंबे समय से अवैध कालोनियों की शिकायतें मिल रही थीं।
कल्याणपुर–पांवटा रोड और शेरपुर में भी चली बड़ी कार्रवाई
- कल्याणपुर–पांवटा रोड में प्रवीन बंसल द्वारा लगभग 15–20 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी तोड़ दिया गया।
- शेरपुर सेलाकुई में जब्बार अली की 30 बीघा भूमि पर चल रही प्लॉटिंग को भी बुलडोज़र की मदद से ध्वस्त कराया गया।
- MDDA ने स्पष्ट किया कि ये क्षेत्र विकास की दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन अवैध कालोनियों के प्रसार को रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है।
MDDA का सख्त संदेश—अवैध प्लॉटिंग पर नहीं होगी कोई राहत
- MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर कड़ा अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने नागरिकों को सचेत करते हुए कहा—
“किसी भी संपत्ति की खरीद से पहले उसकी विधिक स्थिति अवश्य जांचें, ताकि भविष्य में किसी समस्या का सामना न करना पड़े।” - प्राधिकरण ने बताया कि बिना स्वीकृत मानचित्र वाले सभी आवासीय और व्यावसायिक निर्माणों पर सख्त नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
