Uttarakhand

कबाड़ की आड़ में नशे की तस्करी, अल्मोड़ा पुलिस ने पकड़े तीन तस्कर

  • Almora जिले के सल्ट थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.35 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
  • पुलिस के अनुसार, अपर उप निरीक्षक दीवान सिंह अपनी टीम के साथ डायल-112 वाहन से गश्त और चेकिंग पर थे। इसी दौरान राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जाने वाले पैदल मार्ग के पास काली गांव की ओर से आ रही एक कबाड़ से भरी पिकअप वाहन (यूके19सीए-0992) को रोककर जांच की गई। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे।
  • तलाशी के दौरान पिकअप में रखे कबाड़ के बीच एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में हरे रंग का बीजदार पदार्थ मिला। सूंघने और प्रारंभिक जांच में वह गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कट्टे सहित गांजे का कुल वजन 18.350 किलोग्राम निकला।
  • पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने यह गांजा सराईखेत रोड क्षेत्र से खरीदा था और इसे Ramnagar में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में ले लिया।
  • गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुलजार, मोहम्मद आजम और नासिर हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
  • पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की कार्रवाइयों से युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *