धामी सरकार का बड़ा फैसला: 12 अक्टूबर को हरिद्वार में कैबिनेट बैठक, गैरसैंण में होगा आगामी विधानसभा सत्र
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अब हरिद्वार से विकास और जनसरोकारों का बड़ा संदेश देने जा रही है। चंपावत के बाद धामी मंत्रिमंडल की अगली बैठक 12 अक्टूबर को हरिद्वार में आयोजित की जा रही है। वहीं, राज्य विधानसभा का आगामी सत्र गैरसैंण में आयोजित करने की तैयारी है, जो 21 से 24 अक्टूबर के बीच हो सकता है।
12 अक्टूबर को सीसीआर भवन में जुटेगी कैबिनेट
- 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हरिद्वार स्थित सीसीआर (सेंट्रल कंट्रोल रूम) भवन के सभागार में कैबिनेट की बैठक होगी। सरकार के इस कदम को पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी जिलों को भी अपनी प्राथमिकताओं के केंद्र में रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले चंपावत में कैबिनेट बैठक कर सरकार ने शासन के विकेंद्रीकरण का संदेश दिया था, और अब हरिद्वार में बैठक के जरिए मैदानी क्षेत्रों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है।
कुंभ मेला, इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास पर रहेगा जोर
- हरिद्वार राज्य का प्रमुख धार्मिक, औद्योगिक और पर्यटन केंद्र होने के साथ-साथ कुंभ जैसे विश्व प्रसिद्ध आयोजनों का भी मुख्य स्थल है। ऐसे में इस बैठक के दौरान आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के साथ-साथ क्षेत्र के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर), पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और अन्य विकास योजनाओं पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
गैरसैंण सत्र की तारीखों पर लगेगी मुहर
- हरिद्वार में होने वाली इस कैबिनेट बैठक में गैरसैंण में आयोजित होने वाले आगामी विधानसभा सत्र की तिथियों पर भी अंतिम फैसला लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सत्र 21 से 24 अक्टूबर तक कराने का प्रस्ताव है, जिस पर कैबिनेट अपनी औपचारिक मुहर लगाएगी।
