Uttarakhand

कोटद्वार में राहुल गांधी की मुलाकात: ‘मोहम्मद दीपक’ से मिलकर दिखाई इंसानियत और सद्भाव की तस्वीर

  • कोटद्वार के पटेल मार्ग विवाद के बाद चर्चा में आए मोहम्मद दीपक कुमार से सोमवार को दिल्ली में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने दीपक कुमार को एक बार फिर इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बताया और उनका उत्साहवर्धन किया।
  • गौरतलब है कि 26 जनवरी को कोटद्वार के पटेल मार्ग स्थित एक दुकान के नाम को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान जिम संचालक दीपक कुमार ने स्वयं को “मोहम्मद दीपक” बताते हुए दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। हालांकि, इसी बीच दोनों पक्षों में हाथापाई भी हो गई। 28 जनवरी से इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।
  • घटना के चार दिन बाद, 31 जनवरी को देहरादून सहित अन्य क्षेत्रों से पहुंचे हिंदू संगठनों ने कोटद्वार में प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद दुकान स्वामी वकील अहमद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और बताया कि वह पिछले 30 वर्षों से ‘बाबा स्कूल ड्रेस’ नाम से दुकान चला रहे हैं। आरोप है कि कुछ युवकों ने दुकान का नाम बदलने की धमकी दी थी।
  • वहीं, दूसरी ओर बजरंग दल से जुड़े एक स्थानीय निवासी की तहरीर पर दीपक उर्फ अक्की, विजय रावत और अन्य लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, जाति-सूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, नेशनल हाईवे जाम करने और पुलिस से मारपीट के मामलों में भी अज्ञात लोगों पर कार्रवाई की है।
  • मामले के सामने आने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दीपक कुमार का समर्थन करते हुए उन्हें “भारत का हीरो” बताया। उन्होंने कहा कि दीपक संविधान, इंसानियत और प्रेम के लिए खड़े हैं और नफरत के माहौल में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक बनकर उभरे हैं।
  • सोमवार को दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और भाईचारे की भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जो कठिन परिस्थितियों में भी शांति और समझदारी का रास्ता अपनाते हैं।
  • इस अवसर पर कांग्रेस से जुड़े कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। यह मुलाकात सामाजिक सौहार्द, एकता और आपसी सम्मान का मजबूत संदेश देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *