उत्तराखंड रजत जयंती: देहरादून मैराथन में 700 धावकों की दमदार दौड़, DM ने किया ग्रैंड फ्लैग ऑफ
- उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन देहरादून की ओर से आज भव्य दून मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर की गई।
- इस 8 किलोमीटर मैराथन का मार्ग पवेलियन ग्राउंड – कनक चौक – एस्ले हॉल – बहल चौक – दिलाराम चौक – ब्रह्मकमल चौक – NIVH तक निर्धारित किया गया। उसके बाद रेस पुनः ब्रह्मकमल चौक – दिलाराम चौक – कनक चौक होते हुए पवेलियन ग्राउंड में सम्पन्न हुई। इस मैराथन में करीब 700 प्रतिभागियों ने जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
- जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने का यह दौर भावनाओं और गर्व दोनों से भरा है। यह दून मैराथन केवल एक स्पोर्ट्स इवेंट नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक ऊर्जा, एकता, सकारात्मकता और एक न्यू एनर्जेटिक उत्तराखंड का प्रतीक है।
स्वस्थ उत्तराखण्ड – सशक्त उत्तराखण्ड: दून मैराथन में युवाओं का दमदार प्रदर्शन, प्रेरक संदेश के साथ सफल समापन
- उन्होंने कहा कि मैराथन हमें दृढ़ संकल्प, धैर्य और लगातार आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है। जैसे लक्ष्य तक पहुँचना एक निरंतर प्रयास की मांग करता है, उसी प्रकार उत्तराखंड के विकास के लिए भी प्रत्येक नागरिक की सतत भागीदारी आवश्यक है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही इस प्रदेश का सबसे बड़ा सामर्थ्य है। आपके कदमों की गति में हमारे राज्य का भविष्य छिपा हुआ है। इस दौड़ के माध्यम से पूरे समाज तक ‘स्वस्थ उत्तराखण्ड – सशक्त उत्तराखण्ड’ का संदेश जा रहा है।
- उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल भावना, स्वास्थ्य, एकता, सकारात्मक जीवनशैली और फिटनेस कल्चर को बढ़ावा देने का एक बड़ा माध्यम है। जिलाधिकारी ने आह्वान किया कि सभी लोग मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने राज्य को स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध और उदाहरणात्मक राज्य बनाने में अपना पूर्ण योगदान देंगे।
- दून मैराथन में उत्साह देखते ही बनता था। 700 प्रतिभागी शामिल हुए और सभी ने ऊर्जा, अनुशासन और स्पोर्ट्स स्पिरिट का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
वूमन कैटेगरी में
- तनुश्री चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया
- गौरी रावत द्वितीय स्थान पर रहीं
- सुधा पटेल तृतीय स्थान पर रहीं
पुरुष वर्ग में
- नितिन भंडारी प्रथम स्थान पर रहे
- मुकेश ने दूसरा स्थान हासिल किया
- विपिन तीसरे स्थान पर रहे
- इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी विजेंद्र पांडेय, जिला खेल अधिकारी रविंद्र सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय, सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।
