Uttarakhand

उत्तराखंड में गड्ढों का अंत! CM धामी ने PWD को दी 31 अक्टूबर की सख्त डेडलाइन

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य की सभी सड़कों को 31 अक्टूबर तक पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इस काम को एक विशेष अभियान के रूप में चलाया जाए और हर हफ्ते इसकी प्रगति की समीक्षा की जाए।
  • इस वर्ष मानसून के दौरान प्रदेश के लगभग हर जिले में आपदाओं ने सड़क नेटवर्क को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढों और क्षति के कारण यातायात बाधित हो रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
  • मंगलवार को सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें उन्होंने कहा कि अब मानसून समाप्त हो चुका है, इसलिए सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य में तेजी लाना अनिवार्य है।
  • मुख्यमंत्री धामी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे ज़मीनी स्तर पर कामों की गति तेज़ करें ताकि विकास कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो सकें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को खासतौर पर आदेश दिया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए, जिससे सभी सड़कें तय समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्त हो सकें।
  • मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन इलाकों से सड़क से जुड़ी शिकायतें बार-बार सामने आ रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
  • इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. पंकज पांडेय, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *