Uttarakhand

Weather Update: बागेश्वर में सूखी ठंड का कहर, तापमान 3 डिग्री तक गिरा; बाजारों में सन्नाटा

  • बागेश्वर जिले में सूखी ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। हिमालयी गांवों में तापमान लगातार गिर रहा है, जबकि घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई क्षेत्रों में सुबह 11 बजे के बाद ही कोहरा छंट पा रहा है
  • सूर्य की किरणें कमजोर पड़ने से शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कंपकंपी छूट रही है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। रविवार सुबह जिले का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई।
  • रात को आसमान साफ रहने के कारण पाला जमकर गिरा, जो सुबह घने कोहरे की वजह से देर तक नहीं पिघल सका। इसका असर यह रहा कि दोपहर तक सर्दी का असर बना रहा और लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए।

बाजारों में पसरा सन्नाटा

  • कड़ाके की ठंड के चलते मार्निंग वॉक पर निकलने वालों की संख्या में भारी कमी देखी गई। अवकाश का दिन होने के कारण नगर और कस्बाई क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

यातायात और आपूर्ति प्रभावित

  • सुबह के समय कांडा, कपकोट, गरुड़, काफलीगैर समेत अन्य क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों पर टैक्सियों को यात्री नहीं मिले। इससे तहसीलों तक पहुंचने वाली जरूरी सामग्री की आपूर्ति में भी देरी हुई।

किसानों की बढ़ी चिंता

  • लंबे समय से वर्षा न होने के कारण किसान चिंतित नजर आ रहे हैं। असिंचित भूमि में बोई गई फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे रबी फसलों पर असर पड़ सकता है।
  • हालांकि, दिन में हल्के बादल छाने से वर्षा की संभावना बनती दिख रही है। हिमालयी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है, जिससे एक-दो दिनों में बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो इससे किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *