देहरादून-टनकपुर रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! सीएम धामी की पहल से हफ्ते में तीन दिन मिलेगी सुविधा
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उत्तराखंड में रेल सेवाओं के विस्तार और सुधार पर विस्तार से चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान राज्य में चल रही और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
- मुख्यमंत्री की मांग पर रेल मंत्री ने आश्वासन दिया कि देहरादून और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों को ‘आदर्श रेलवे स्टेशन’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही, ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन को बंद कर, अब योग नगरी रेलवे स्टेशन से ही सभी ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
- सीएम धामी के अनुरोध पर रेल मंत्री ने देहरादून-टनकपुर साप्ताहिक ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने पर सहमति जताई है। अब यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी, जिससे कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क और अधिक सशक्त होगा।
- इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना के लिए पूरा व्ययभार केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने का भी अनुरोध किया। इस पहल से राज्य में रेल बुनियादी ढांचे को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर बढ़ी उम्मीदें, सीएम धामी ने रखे कई अहम सुझाव
- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई बैठक में राज्य की रेल परियोजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। रेल मंत्री ने बताया कि टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर आगे का निर्णय परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद लिया जाएगा।
- बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि इस परियोजना को अल्मोड़ा और सोमेश्वर क्षेत्रों से भी जोड़े जाने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि प्रस्तावित टनल मार्ग के साथ-साथ सड़क का प्रावधान भी किया जाए, ताकि इस क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सके।
- मुख्यमंत्री धामी ने यह भी प्रस्ताव रखा कि ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन को पूरी तरह बंद कर उसकी भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि योग नगरी रेलवे स्टेशन के सुव्यवस्थित संचालन के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी, तो राज्य सरकार इसमें पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। इस प्रस्ताव पर रेल मंत्री ने सैद्धांतिक सहमति जताई है।
