सामाजिक सौहार्द की मिसाल: देहरादून में 52 जोड़ों का सामूहिक विवाह, आम से खास तक हुए शामिल
- श्रश्री बालाजी सेवा समिति की ओर से देहरादून में 52 कन्याओं का सामूहिक विवाह सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस अवसर पर धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।
- सामूहिक विवाह से पहले शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकली 52 दूल्हों की बारात ने शिवाजी धर्मशाला में विश्राम किया। रविवार को बैंड-बाजे के साथ बारात लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज मैदान पहुंची, जहां पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
- मंगल गीतों के बीच 52 जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लिए और सभी धार्मिक रस्में विधिवत संपन्न कराई गईं। शाम को वर-वधू की सम्मानजनक विदाई की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेश बंसल ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और मानव गरिमा को मजबूत करने वाला कार्य बताया।
- कार्यक्रम में राजपुर रोड विधायक खजानदास, कैंट विधायक सविता कपूर, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के अशोक अग्रवाल, दीपक सिंघल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
- समिति के अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि यह सामूहिक विवाह का 16वां आयोजन था और अब तक समिति 467 से अधिक कन्याओं का विवाह करा चुकी है। उन्होंने इसे विवाह के अधिकार, समान अवसर और सामाजिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
- इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, सचिव मनोज खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष चंद्रेश अरोड़ा और मीडिया प्रभारी मनमोहन लखेड़ा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
