20 दिन की ‘वफ़ादारी’ का जाल: दिल्ली का नौकर देहरादून में लूटकर हुआ रफ़ूचक्कर
- वसंत विहार थाना क्षेत्र के बल्लीवाला (नाथ वाटिका) में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। वार्ड-36 (विजय पार्क) की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर महज 20 दिन पहले रखे गए घरेलू सहायक ने ही पूरे परिवार को खाने में ज़हरनुमा नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और अपने चार साथियों के साथ मिलकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी समेटकर फरार हो गया।
20 दिन में जीता भरोसा, फिर दिया वारदात को अंजाम
- पुलिस जांच के अनुसार, पार्षद की दिल्ली निवासी बेटी ने करीब 20 दिन पहले दिल्ली की एक एजेंसी के जरिए नेपाली मूल के भरत थापा को घरेलू काम के लिए भेजा था। एजेंसी से आए भरत ने 20 दिनों तक ईमानदारी का नाटक कर परिवार का भरोसा हासिल किया। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे उसने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे खाते ही पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल और बेटा शुभम बेसुध हो गए।
साथियों को बुलाकर खंगाला पूरा घर
- परिवार के बेहोश होते ही भरत ने योजना के तहत अपने चार अन्य साथियों को घर में घुसाया। आरोपियों ने बेफिक्र होकर पूरे घर के कोने-कोने को खंगाला और लाखों की नकदी व गहने समेटकर रफूचक्कर हो गए। रात करीब 12:45 बजे जब परिजनों को हल्का होश आया और घर का सामान अस्त-व्यस्त देखा, तब घटना का पता चला और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सिनर्जी अस्पताल में भर्ती, पार्षद अभी भी निगरानी में
- गंभीर अवस्था में तीनों को देर रात सिनर्जी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पति और बेटे को छुट्टी दे दी गई है, जबकि पार्षद अमिता सिंह की हालत को देखते हुए उन्हें अभी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस महकमे में हड़कंप, टीमें गठित
- घटना के बाद से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपी नौकर भरत थापा और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और दिल्ली की संबंधित एजेंसी के दस्तावेजों की पड़ताल में जुट गई हैं।
