बेंगलुरु पब विवाद: रेड के दौरान इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ने वाले IAS विकास मरमत का हुआ तबादला
- कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक पब में हाई-प्रोफाइल हंगामा और पुलिस टीम के साथ बदसलूकी करने के मामले में आंध्र प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और 2019 बैच के IAS अधिकारी विकास मरमत का तबादला कर दिया गया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े इस मामले में सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है।
क्या है पूरा मामला?
- यह घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित एक महंगे बार और रेस्तरां ‘कैवोर’ (Cavore) में हुई। सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की टीम इंस्पेक्टर अरुण सालुंके के नेतृत्व में पबों में औचक जांच कर रही थी। जांच के दौरान जब पुलिस ने कुछ युवतियों से उनकी उम्र के प्रमाण मांगे, तो वहां मौजूद IAS अधिकारी विकास मरमत और उनके साथियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
- आरोप है कि आईएएस अधिकारी और उनके साथियों ने ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर अरुण सालुंके और पुलिस टीम के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उन पर हमला करने की कोशिश भी की।
मुख्य आरोपी बनाए गए IAS अधिकारी
- कब्बन पार्क पुलिस ने इस मामले में IAS विकास मरमत को मुख्य आरोपी बनाया है। उनके साथ तीन अन्य सह-आरोपियों—रियल एस्टेट कारोबारी अभय उदय सिंह, कोचिंग संचालक नीतीश और बाउंसर रोशन—के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, अगली सुबह सभी आरोपियों ने अपने बर्ताव के लिए माफी मांग ली थी, लेकिन मामला तूल पकड़ गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी सख्ती
- मंगलवार सुबह इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकार पर भारी दबाव बन गया। मामला चूंकि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के कुप्पम निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े एक बड़े अधिकारी का था, इसलिए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
- मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास मरमत को उनके पद से हटा दिया और उन्हें बुधवार को जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) में रिपोर्ट करने का आदेश दिया है।
