अमेरिका की बड़ी फजीहत: अपने ही नेवी डे पर भारत और रूस के युद्धपोतों की तस्वीरें शेयर कर ट्रोल हुआ US
- सुपरपावर अमेरिका के नेता और सरकारी अधिकारी अपनी ही सेना के बारे में कितनी कम जानकारी रखते हैं, इसकी एक बानोगी हाल ही में देखने को मिली है। अमेरिकी नौसेना (US Navy) की 251वीं वर्षगांठ के मौके पर सोशल मीडिया पर बधाई देने की जल्दबाजी और हड़बड़ी में वहां के कई बड़े नेता और सरकारी एजेंसियां एक बेहद हास्यास्पद चूक का शिकार हो गईं। बधाई देने के चक्कर में इन दिग्गजों ने अपनी नौसेना के जहाजों की जगह भारत और अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी रूस के युद्धपोतों की तस्वीरें शेयर कर डालीं। अब इस बड़ी भूल के बाद सोशल मीडिया पर अमेरिकी नेताओं का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है।
गवर्नर से लेकर सांसद तक हुए शिकार
- 14 अक्टूबर 1775 को स्थापित दुनिया की सबसे ताकतवर नौसेनाओं में शुमार अमेरिकी नेवी के जन्मदिन पर जॉर्जिया के रिपब्लिकन गवर्नर ब्रायन पी. केम्प ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर देश की रक्षा का गुणगान करते हुए एक पोस्ट लिखा। लेकिन इसके साथ उन्होंने जो फोटो लगाई, वह अमेरिकी जहाजों की नहीं, बल्कि भारतीय नौसेना के युद्धपोतों (INS गोदावरी, INS ब्रह्मपुत्र और INS ब्यास) की थी।
- इस गलती को ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के पत्रकार डेव ब्राउन ने पकड़ा और उजागर किया कि यह तस्वीर 2008 में अमेरिका और भारत के बीच हुए संयुक्त नौसैनिक अभ्यास ‘मालाबार’ के दौरान की है।
रूस के जहाजों से दे डाली बधाई
पत्रकार डेव ब्राउन ने आगे पर्दाफाश किया कि सिर्फ गवर्नर केम्प ही नहीं, बल्कि कई अन्य अमेरिकी हस्तियों ने भी ऐसी ही बड़ी भूल की है:
-
पूर्व नेवी अफसर भी चूके: खुद अमेरिकी नौसेना के पूर्व लेफ्टिनेंट कमांडर और ओहियो के स्टेट रिप्रेजेंटेटिव माइक डोविला ने बधाई संदेश के साथ रूसी नौसेना के युद्धपोत की फोटो लगा दी।
-
रूस का बैटलक्रूजर: यूएस बॉर्डर पेट्रोल के अधिकारी जेफरी जे. डिनिस ने रूस के खतरनाक ‘किरोव-क्लास बैटलक्रूजर’ की तस्वीर शेयर कर दी।
-
सांसद और मेयर भी पीछे नहीं: नॉर्थ कैरोलिना के अमेरिकी सांसद टिम मूर ने वही भारतीय जहाजों वाली तस्वीर शेयर की, जो गवर्नर केम्प ने डाली थी। वहीं, सैन डिएगो के मेयर टॉड ग्लोरिया ने सोवियत काल के पुराने क्रूजर ‘मिखाइल कुतुजोव’ की फोटो पोस्ट कर दी।
-
थिंक टैंक भी उलझा: रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े ‘फ्रीडम कॉकस फाउंडेशन’ के सोशल मीडिया अकाउंट से भी भारतीय नौसेना के फ्रिगेट ‘INS त्रिकंद’ की तस्वीर पोस्ट कर दी गई।
जल्दबाजी पड़ी भारी
- अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रेंड्स को भुनाने और जल्दबाजी में बिना सोचे-समझे बधाई संदेश पोस्ट करने की होड़ इन अमेरिकी राजनेताओं पर भारी पड़ गई। अपनी ही सेना के जहाजों की पहचान न कर पाने की इस लापरवाही पर अब पूरी दुनिया में अमेरिका की किरकिरी हो रही है।

