सावन की शिवरात्रि पर देहरादून में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवालयों में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे
- देहरादून: सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर पूरा देहरादून भोलेनाथ की भक्ति में रंगा नजर आया। शहर के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
- श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में मध्यरात्रि से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान शिव को जल, गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के महंत श्री 108 कृष्णा गिरी महाराज ने भी पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
- रात से शुरू हुई श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह होते-होते और बढ़ गई। बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने को देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
- वहीं, सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में भी सावन शिवरात्रि पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना की।
- इसके अलावा जंगम शिवालय पलटन बाजार, श्याम सुंदर मंदिर पटेलनगर, प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर और सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर समेत देहरादून के अन्य शिवालयों में भी भक्तों की आस्था देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध, गंगाजल और जल अर्पित कर भगवान शिव की आराधना की।
- सावन शिवरात्रि के चलते देहरादून के मंदिरों में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। जगह-जगह भगवान शिव के जयकारों से वातावरण शिवमय नजर आया और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचते रहे।
