बड़ा अपडेट! पीएम आवास योजना के तहत उत्तराखंड में 12 हजार घर लगभग पूरे
- हरिद्वार के कनखल क्षेत्र की रीना देवी के लिए पक्का घर अब तक सिर्फ सपना था। किराए के छोटे कमरे, हर साल बढ़ता किराया और बरसात में टपकती छत उनकी रोजमर्रा की चिंता बन चुकी थी। अब प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रीना जैसी हजारों महिलाओं और परिवारों का सपना जल्द हकीकत बनने जा रहा है।
- राज्य में 15 परियोजनाओं के अंतर्गत 12,856 आवासीय इकाइयों का निर्माण अंतिम चरण में है। फाउंडेशन, आरसीसी फ्रेम और रूफ कास्टिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इनमें से 9,200 से अधिक घरों की फिनिशिंग पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष पर काम तेजी से जारी है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा तैयार आवास
- हरिद्वार, रुड़की, काशीपुर और देहरादून जैसे मैदानी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आवास लगभग तैयार अवस्था में हैं। अधिकारियों के अनुसार एक माह के भीतर लाभार्थियों को घर की चाबी सौंपने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
- यह योजना सम्मानजनक आवास, सुरक्षित जीवन और महिलाओं के अधिकार को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है, जिससे हजारों परिवारों को स्थायी छत और सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
