देहरादून-मसूरी मार्ग ग्रस्त: पुल के टूटने से यातायात में आयी बाधा, इन मार्गो से कर सकते हैं सफ़र।

शिव मंदिर के पास पुल टूटने के बाद देहरादून-मसूरी मार्ग पर सभी वाहनो का आवागमन बंद होने से मंगलवार को मसूरी जाने वाली परिवहन निगम की बसों के पहिये भी थम गए। पुल टूटने के बाद पुलिस-प्रशासन ने दून-मसूरी मार्ग पर कुठालगेट से आगे वाहनों की आवागमन पर रोक लगा दी है।
इस कारण मंगलवार को देहरादून से मसूरी और मसूरी होकर आगे जाने वाली कोई भी बस सेवा संचालित नहीं हुई। यात्रियों को काफी मुसीबत झेलनी पड़ी और वह वैकल्पिक मार्ग विकासनगर-यमुना पुल से मसूरी गए। बसों के लिए जिन यात्रियों की ओर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग कराए थे, उनकी धनराशि रिफंड की गई।
मसूरी शिव मंदिर के पास पुल टूटने से थमा वाहनों का आवागमन
देहरादून से मसूरी मार्ग के लिए परिवहन निगम की 30 बसें नियमित संचालित होती हैं। इनमें 25 बसें केवल देहरादून-मसूरी जबकि शेष बसें मसूरी होकर दूसरे पर्वतीय स्थलों तक जाती हैं। दून-मसूरी मार्ग पर संचालित 25 बसों को एक दिन में तीन ट्रिप यानी तीन बार लौट-फेर करती हैं।
इन बसों में साढ़े तीन से चार हजार यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं। मंगलवार को बसों के पहिये थमे रहे। यही नहीं, जो बसें मसूरी होकर चंबा और आगे जाती हैं, उनका संचालन भी बंद रहा। हालांकि, बड़कोट (उत्तरकाशी) व नैनबाग (टिहरी) की ओर जाने वाली बसों को विकासनगर-यमुना पुल होकर संचालित किया गया। इसके अतिरिक्त मसूरी मार्ग पर संचालित होने वाली निजी कंपनी विश्वनाथ सेवा की करीब 20 बसों के पहिये भी थमे रहे।
