शिक्षा निदेशालय में तोड़फोड़ पर सख्त कार्रवाई, देहरादून पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
- उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून स्थित प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय में हुए तोड़फोड़, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा के मामले में एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम बताया है।
- एसएसपी परमेंद्र डोबाल के अनुसार, 21 फरवरी को ननूरखेड़ा स्थित निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा कार्यालय में विधायक उमेश शर्मा काउ और अन्य लोगों के साथ चल रही वार्ता के दौरान विवाद हो गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्यालय में रखी कुर्सियां और अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की, जिससे कई कर्मचारियों को चोटें भी आईं।
- घटना के बाद निदेशक की तहरीर पर लोक सेवक के कार्य में बाधा, बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए चारों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
- पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सरकारी कामकाज और आम जनता की सुविधाओं को प्रभावित करती हैं, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली, निवासी नूनरखेड़ा, थाना रायपुर, देहरादून
- लक्ष्मण नवानी, निवासी शिवलोक कॉलोनी, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून
- राकेश थपलियाल, निवासी तपोवन रोड, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून
- अक्षय राणा, निवासी सौंधोवाली, थाना रायपुर, देहरादून
