“ड्रग तस्करी नेटवर्क पर ईडी की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली-NCR और राजस्थान में एक साथ कई ठिकानों पर छापे”
- ड्रग तस्करी के बढ़ते नेटवर्क पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह दिल्ली-NCR के कई स्थानों के साथ-साथ राजस्थान के जयपुर में भी व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई हाल ही में 82.53 किलोग्राम कोकेन की भारी मात्रा में बरामदगी के बाद तेज की गई है।
- ईडी की अलग-अलग टीमों ने सुबह करीब 7 बजे एक साथ कई ठिकानों पर रेड शुरू की। स्थानीय पुलिस की सहायता से संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई और मौके से महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं डिजिटल रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं।
- एजेंसी को शक है कि इस ड्रग तस्करी में अंतरराष्ट्रीय गिरोह शामिल हो सकता है। इसी शक के आधार पर ईडी बड़े स्तर पर जांच को आगे बढ़ा रही है, ताकि नेटवर्क के मुख्य संचालकों तक पहुंचकर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
देशभर में जारी ईडी का सर्च ऑपरेशन, ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कई एजेंसियां एक्शन में
- हाल ही में 82.53 किलोग्राम कोकेन बरामद होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ड्रग तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। ईडी के साथ एनसीबी और डीआरआई की टीमें भी पूरे देश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। एजेंसियों ने पोर्ट, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक हब जैसे कई प्रमुख स्थानों पर दबिश दी है।
- जांच एजेंसियों को संदेह है कि ड्रग तस्करी में शामिल नेटवर्क फर्जी कंपनियों के जरिए हवाला सिस्टम का उपयोग कर देश में अपना जाल फैला रहे हैं। शुरुआती इनपुट बताते हैं कि देश के कई बड़े शहर इन तस्करों के निशाने पर हैं और वहां सक्रिय सप्लाई चैन का विस्तार किया जा रहा है।
ईडी खंगाल रही वित्तीय कड़ी, अंतरराष्ट्रीय लिंक होने की आशंका
- ईडी इस पूरे मामले में कोकेन से जुड़े वित्तीय नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है। एजेंसी का मानना है कि इस रैकेट में मनी लॉन्ड्रिंग, अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट और स्थानीय हैंडलर्स भी शामिल हो सकते हैं।
- इसी दिशा में कार्रवाई करते हुए ईडी ने शुक्रवार सुबह से ही कई ठिकानों पर दबिश देकर डिजिटल सबूत इकट्ठा करने शुरू कर दिए हैं। एजेंसी ड्रग तस्करी के पूरे नेटवर्क की मॉनिटरिंग और मैपिंग कर रही है, ताकि पूरे सिंडिकेट का जड़ से भंडाफोड़ किया जा सके।
