देहरादून में देर रात पुलिस की सख्त चेकिंग, 90 वाहनों के चालान और 16 गाड़ियां सीज
- देहरादून में रात के समय अपराध और यातायात नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार देर रात एसपी सिटी शेखर सुयाल पुलिस टीमों के साथ खुद सड़क पर उतरे और शहर के अलग-अलग इलाकों में वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 90 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 16 वाहन सीज किए गए।
- चेकिंग के दौरान पुलिस ने रैश ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट, काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और गलत नंबर प्लेट जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। इन मामलों में 32 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, 9 बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही सीज किया गया और साइलेंसर हटवाए गए।
- पुलिस ने वाहन चेकिंग के साथ-साथ रात में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों से भी पूछताछ की। अभियान के दौरान 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जिनमें से 12 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 3,500 रुपये का चालान किया गया।
- पुलिस के अनुसार, अलग-अलग धाराओं में 16 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 57 वाहनों के कोर्ट चालान और 32 वाहनों के नकद चालान किए गए। नकद चालानों से 23,500 रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
- अधिकारियों ने बताया कि रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि रात के समय भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
