अंकिता भंडारी केस को लेकर कांग्रेस का प्लान तैयार, सड़क से सदन तक भाजपा सरकार को घेरेगी
- अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उठे सियासी और जनआक्रोश के बीच कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष और तेज करेगी। गुरुवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक मामलों की बैठक में एकजुट होकर आक्रामक रणनीति अपनाने पर सहमति बनी।
- बैठक में तय किया गया कि गुटबाजी से ऊपर उठकर पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता भारतीय जनता पार्टी सरकार को सड़क से सदन तक घेरेंगे। अंकिता भंडारी हत्याकांड और मनरेगा जैसे मुद्दों को लेकर जन आंदोलन को धार दी जाएगी।
- कांग्रेस ने 11 जनवरी को प्रस्तावित बंद को पूरी ताकत से सफल बनाने का निर्णय लिया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि यह लड़ाई केवल राजनीति नहीं, बल्कि न्याय, महिलाओं की सुरक्षा और जवाबदेही से जुड़ा विषय है। इसके साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत संगठन को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति भी तय की गई।
- बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नई प्रांतीय कार्यकारिणी का आकार छोटा और प्रभावी रखा जाएगा, ताकि पार्टी का जनाधार मजबूत किया जा सके। कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक दबाव और तेज किया जाएगा।
