IND vs SL सुपर-4: फाइनल से पहले आज होगा ‘ड्रेस रिहर्सल’, श्रीलंका से भिड़ेगी टीम इंडिया
- रविवार को टीम इंडिया एशिया कप का अपना 12वां फाइनल खेलने उतरेगी। उससे पहले शुक्रवार को सुपर-4 चरण का आखिरी मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। चूंकि श्रीलंका पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, इसलिए यह मैच सिर्फ औपचारिकता जैसा होगा। लेकिन भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि फाइनल से पहले अपनी कमजोरियों को सुधारने का यह अंतिम मौका होगा।
- अब टीम के सामने चुनौती है कि प्रयोगों को छोड़कर स्थायी और मजबूत संयोजन पर टिके। ओमान के खिलाफ पिछले मैच में किए गए बदलावों का असर साफ दिखा था—टीम जीत तो गई, लेकिन मुश्किल हालात बन गए थे। उस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव को बल्लेबाजी का मौका तक नहीं मिला। बांग्लादेश के खिलाफ भी अलग रणनीति अपनाई गई थी। शिवम दुबे को तीसरे नंबर पर भेजा गया, लेकिन वे महज़ तीन गेंदों में दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, संजू सैमसन जैसे अहम बल्लेबाज को मौका नहीं मिला। अब वक्त है कि भारत प्रयोगों से आगे बढ़कर स्थायी संयोजन के साथ मैदान पर उतरे।
जितेश शर्मा को मिल सकता है मौका
- मध्यक्रम में संजू सैमसन की लगातार नाकामियां टीम मैनेजमेंट और मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए चिंता का कारण बन गई हैं। ऐसे में सुपर-4 चरण के आखिरी मुकाबले में शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा को आज़मा सकती है। भारत की बांग्लादेश पर जीत के साथ ही श्रीलंका की फाइनल की उम्मीदें खत्म हो गई थीं। उसे सुपर-4 में बांग्लादेश और पाकिस्तान से भी हार झेलनी पड़ी थी।
- रविवार को होने वाले फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आ सकते हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजी क्रम में सैमसन की जगह पक्की नज़र नहीं आ रही है। साथ ही, टीम इंडिया के लिए एक और बड़ी चिंता फील्डिंग है—क्योंकि पूरे टूर्नामेंट में अब तक 12 कैच हाथ से फिसल चुके हैं, जिनमें से पांच तो बांग्लादेश के खिलाफ छूटे थे। इस तरह की गलतियां बड़े मुकाबलों में भारी पड़ सकती हैं। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी माना कि फील्डिंग में सुधार ज़रूरी है, क्योंकि उनकी गेंदबाज़ी पर भी कई कैच ड्रॉप हुए हैं।
सैमसन की जगह पर सवाल
बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में संजू सैमसन को बल्लेबाजी के लिए शीर्ष सात में भी मौका नहीं दिया गया। ऐसे में यह सवाल उठना लाज़मी है कि अगर वह अक्षर पटेल से पहले भी बल्लेबाजी करने के काबिल नहीं समझे जा रहे, तो टीम में उनकी भूमिका क्या है। शिवम दुबे को तीसरे नंबर पर भेजने का फैसला इसलिए समझ आता है क्योंकि वह कलाई के स्पिनरों के खिलाफ अच्छे माने जाते हैं, लेकिन मध्यक्रम में दाएं-बाएं बल्लेबाजों का संतुलन बिगड़ गया। इसी वजह से हार्दिक पांड्या को तिलक वर्मा और अक्षर पटेल जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाजों से पहले उतारा गया।
क्या मिलेगा तीसरे नंबर पर मौका?
फील्डिंग कोच रियान टेन डोइशे ने कहा था कि सैमसन अभी पांचवें नंबर की भूमिका सीख रहे हैं। लेकिन यह भी संभव है कि श्रीलंका के खिलाफ ‘औपचारिकता’ माने जा रहे इस मैच में उन्हें तीसरे नंबर पर आजमाया जाए। माना जा रहा है कि उनके पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए टीम उन्हें बाहर करने के मूड में नहीं है, हालांकि इस फॉर्मेट में हर खिलाड़ी की अपनी स्पष्ट भूमिका तय है।
जितेश शर्मा बन सकते हैं गेम-चेंजर
विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा को बतौर फिनिशर टीम इंडिया ट्राई कर सकती है। आईपीएल में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है—उन्होंने 5वें नंबर पर 18 पारियों में 374 रन, 6वें नंबर पर 15 पारियों में 384 रन और 7वें नंबर पर सिर्फ 7 पारियों में 178 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 136 रन बनाए हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह को भी इस मैच में आराम दिया जा सकता है, अगर वह खुद ऐसा चाहते हैं।
भारत की संभावित टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह।
श्रीलंका की संभावित टीम
चरित असलंका (कप्तान), पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंडु मेंडिस, कामिल मिशारा, दासुन शनाका, जेनिथ लियानगे, चमिका करुणारत्ने, डुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महेश तीक्ष्णा, दुष्मंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना।
