मसूरी में बम धमकी से हड़कंप: पालिका और SDM को आया ई-मेल, अमित शाह व सीएम धामी का भी जिक्र, प्रशासन अलर्ट
- देहरादून/मसूरी। उत्तराखंड के पर्यटन नगर मसूरी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका मसूरी और एसडीएम कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल पर एक संदिग्ध धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ई-मेल में कई महत्वपूर्ण स्थानों और प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने का दावा किया गया है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन, खुफिया एजेंसियां और साइबर सेल तुरंत सक्रिय हो गईं।
- प्राप्त जानकारी के अनुसार, ई-मेल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विभिन्न सरकारी संस्थानों, धार्मिक स्थलों और परिवहन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों का उल्लेख किया गया था। कुछ स्थानों के साथ कथित तौर पर समय और तारीख का भी जिक्र किया गया, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
- पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल ई-मेल की सत्यता की जांच की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञ और साइबर टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने और इसे भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटे हैं।
- एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
- इस बीच, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और सतर्कता से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
- मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही हैं।
