दिल्ली हाई कोर्ट में बम की धमकी से हड़कंप, जजों ने तुरंत खाली की कोर्ट
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। बम धमकी की कॉल के बाद सभी बेंच अचानक उठ गई। वहीं, मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि सुरक्षा एजेंसियों ने हाईकोर्ट की ओल्ड बिल्डिंग के कर्मचारियों को तुरंत बिल्डिंग से बाहर आने को कहा है।
क्या मिल रही शुरुआती जानकारी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बम के संबंध में ई-मेल आया है। इसके बाद कई बेंच ने सुनवाई रोक दी और तुरंत उठ गई। अब अदालत दो बजकर 30 मिनट पर दोबारा बैठेगी।
हाईकोर्ट में मौजूद कई वकीलों ने बताया कि जैसे ही उन्हें बम की जानकारी मिली कोर्टरूम में मौजूद सभी लोग तेजी से बाहर की ओर भागे।
यह मेल दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अरुण भारद्वाज को आया है। इस वक्त पूरा कोर्ट परिसर खाली करा लिया गया है और डॉग स्क्वायड की टीम समेत कई अन्य टीमें इस वक्त जांच में लगी हैं।
