देहरादून: सरकारी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग का प्रयास, हंगामे के कारण कार्रवाई अधूरी
- देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र के लोअर नेहरूग्राम स्थित मयूर कॉलोनी के पास दुलहनी नदी से सटी भूमि पर की गई प्लॉटिंग को लेकर विवाद और गहरा गया है। बुधवार दोपहर नगर निगम और तहसील की संयुक्त टीम पैमाइश के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध और हंगामे के कारण टीम पूरी कार्रवाई नहीं कर सकी। हालात बिगड़ते देख टीम को बिना नापजोख किए लौटना पड़ा।
- मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पैमाइश के दौरान कुछ लोगों ने टीम का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कार्य बाधित हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार अब शुक्रवार को पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा पैमाइश कराई जाएगी, ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।
- इस मामले में अपर नगर आयुक्त एवं भूमि प्रभारी प्रवीण कुमार ने साफ कहा है कि यदि नगर निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा या अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे हर हाल में हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने भूमि प्रभारी का कार्यभार संभाला है और पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी।
- उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम की जमीन पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- गौरतलब है कि दुलहनी नदी से सटी इस भूमि पर की गई प्लॉटिंग को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मामला और ज्यादा गरमा गया है। पुलिस की मौजूदगी में होने वाली पैमाइश के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन नगर निगम की है या निजी, और आगे किसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
