Uttarakhand

नवमी पर धामी सरकार की अनूठी पहल: प्रदेश के हर ब्लॉक की 9 देवियां होंगी सम्मानित

  • शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड की धामी सरकार नारी शक्ति के सम्मान में एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है। नवमी तिथि पर प्रदेश के सभी प्रखंडों (ब्लॉक्स) में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं नौ-नौ उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। संभवतः उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य बनने जा रहा है, जो प्रखंड स्तर पर इस तरह का विस्तृत सम्मान समारोह आयोजित करेगा।

चंपावत कैबिनेट में लगेगा प्रस्ताव पर मुहर

  • 4 अक्टूबर को चंपावत में आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी। सरकार की मंशा है कि जब पूरा देश नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना में लीन होगा, उस समय देवभूमि से पूरे देश में नारी सशक्तीकरण का एक सकारात्मक संदेश प्रसारित किया जाए।

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं की होगी पहचान

  • इस विशेष पहल के तहत चिकित्सा, शिक्षा, खेल, समाजसेवा, स्वरोजगार तथा संस्कृति सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का चयन किया जाएगा। ऐसी महिलाएं, जो अपने हुनर और समर्पण से राज्य तथा देश की प्रगति में सहभागी बन रही हैं, उन्हें ब्लॉक स्तर पर मंच देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

नारी शक्ति के उत्थान के लिए लगातार फैसले

  • उल्लेखनीय है कि धामी सरकार पहले से ही राज्य की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनमें ‘नंदा गौरा योजना’, ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना‘ और ‘मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना’ प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने उत्तराखंड की मूल निवासी महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण (Horizontal Reservation) भी सुनिश्चित किया है, जिससे प्रदेश की युवा बेटियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं। नवमी पर होने वाला यह आयोजन सरकार के इसी संकल्प को आगे बढ़ाने का एक प्रयास माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *