आज तय होंगे भावी छात्र नेता: देहरादून के कॉलेजों में नामांकन की तैयारी पूरी
- छात्रसंघ चुनाव को लेकर कॉलेजों में राजनीति गर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को अलग-अलग कालेजों में चुनाव का नामांकन होगा।
- डीएवी पीजी कालेज, डीबीएस पीजी कालेज, एमकेपी पीजी कालेज, एसजीआरआर पीजी कालेज और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में छात्र नेता अलग-अलग पदों के लिए संभावित छात्र नेता अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे। चुनाव को लेकर उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और परिसर में समर्थको को जुटाने व शक्ति प्रदर्शन का दौर भी तेजी से शुरू हो गया है।
डीबीएस में सबसे ज्यादा 81 और डीएवी में 65 नामांकन पत्रों की बिक्री
- छात्र राजनीति के गढ़ माने जाने वाले डीएवी पीजी कॉलेज में बुधवार को कुल 65 नामांकन पत्र बिके। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, गुरुवार सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। वहीं, डीबीएस पीजी कॉलेज में छात्र नेताओं में भारी उत्साह देखा गया, जहाँ रिकॉर्ड 81 नामांकन पत्र बिके हैं। डीबीएस में आज सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक पर्चे जमा किए जाएंगे।
- दूसरी ओर, एमकेपी पीजी कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया बुधवार को ही शुरू हो गई थी, जो गुरुवार को भी जारी रहेगी। इसके अलावा एसजीआरआर पीजी कॉलेज और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में भी आज नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। मालदेवता कॉलेज में बुधवार को 36 नामांकन पत्र बिके थे।
कल आएगी फाइनल लिस्ट, 29 सितंबर को पड़ेगा वोट
- कॉलेज चुनाव अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच की जाएगी। इसी दिन उम्मीदवार अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे और नाम वापस लेने की अवधि समाप्त होने के बाद शाम तक अंतिम मतदाता सूची (फाइनल कैंडिडेट लिस्ट) जारी कर दी जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला तय होगा और कैंपस में प्रचार का दौर थमेगा नहीं। चारों प्रमुख कॉलेजों में 29 सितंबर को सुबह से मतदान शुरू होगा।
