दिल्ली ब्लास्ट के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट! सीमाओं पर बढ़ाई गई निगरानी, पुलिस सतर्क
- दिल्ली में हुए बम विस्फोट के बाद पूरा उत्तराखंड प्रदेश हाई अलर्ट पर है। दूसरे दिन भी राज्य की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तराखंड पुलिस लगातार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा पुलिस के संपर्क में है ताकि यदि इस घटना से किसी भी प्रकार का कनेक्शन जुड़ता है, तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
- हालांकि अब तक इस मामले में उत्तराखंड से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है, फिर भी राज्य पुलिस ने सोमवार शाम से हाई अलर्ट जारी कर दिया है। शासन की ओर से सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चेकिंग अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
- सुरक्षा एजेंसियों को विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं, एयरपोर्ट, हवाई पट्टियों, वायु सेना स्टेशनों, हेलीपैड, बाजारों, और अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वाड व डॉग स्क्वाड की मदद से निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
- पूर्व में जिन स्थानों का आतंकी घटनाओं से संबंध रहा है, वहां भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी प्रवेश मार्गों — खासकर वैकल्पिक मार्गों पर — चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है।
- प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ ने बताया कि पूरे राज्य में अलर्ट जारी है और सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उत्तराखंड पुलिस लगातार दिल्ली, यूपी और हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय में काम कर रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
