अंकिता भंडारी केस में बड़ा अपडेट, CBI ने दर्ज की FIR; देहरादून में जांच शुरू
- अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। Central Bureau of Investigation (CBI) की दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा-2) ने इस मामले में दिल्ली में औपचारिक रूप से मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही सीबीआई की टीम देहरादून और ऋषिकेश पहुंच चुकी है, जहां सबूत जुटाने और गहन पूछताछ की जा रही है।
- गौरतलब है कि सितंबर 2022 में ऋषिकेश स्थित वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत Ankita Bhandari की रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता ने हत्या कर दी थी। अंकिता का शव 24 सितंबर 2022 को चीला नहर से बरामद किया गया था। इस मामले में तीनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
- यह मामला उस समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया, जब इंटरनेट मीडिया पर वायरल ऑडियो-वीडियो में एक कथित वीआईपी का नाम सामने आया। वायरल सामग्री में दावा किया गया कि अंकिता पर विशेष सेवाएं देने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद राज्यभर में बड़े पैमाने पर आंदोलन हुए और हत्याकांड से वीआईपी कनेक्शन के आरोप लगाए गए।
- राजनीतिक और सामाजिक दबाव बढ़ने के बाद Pushkar Singh Dhami ने 9 जनवरी 2026 को सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। उसी क्रम में अब सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने कथित ‘वीआईपी’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- सूत्रों के अनुसार, सीबीआई जांच के दायरे में अब डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग और कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वायरल ऑडियो-वीडियो, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजी प्रमाण शामिल किए गए हैं। मामले की हर एंगल से गहन पड़ताल की जा रही है।
