रामनगर में पर्यटकों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, जिप्सी और कार की टक्कर में तीन घायल
- रामनगर के फाटो पर्यटन जोन से सफारी कर लौट रहे पर्यटकों की गाड़ी के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार जिप्सी और कार की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हैं।
- बताया गया कि करनाल (पंजाब) निवासी शैफाली और ध्रुव अपने बच्चों के साथ रामनगर घूमने आए थे। मंगलवार सुबह वे जिप्सी सफारी कर फाटो पर्यटन जोन से वापस लौट रहे थे, तभी रामनगर से करीब एक किलोमीटर पहले पेट्रोल पंप के पास उनकी जिप्सी की एक कार से टक्कर हो गई।
- इस दुर्घटना की चपेट में काशीपुर से आ रहे दो बाइक सवार युवक भी आ गए। हादसे में विकास और प्रताप सिंह सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक सवारों को एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया, जबकि महिला पर्यटक शैफाली का इलाज अस्पताल में जारी है।
- घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
